भारतीय रेलवे को देश की लाइफलाइन कहा जाता है। रेलवे में प्रतिदिन करोड़ों यात्री सफर कर अपनी मंजिलों तक पहुंचते हैं। हालांकि, रेलवे में सफर के दौरान आप इन दो शब्दों से जरूर रूबरू हुए होंगे, जिनमें से एक रेलवे लाइन और दूसरा रेलवे ट्रैक है।
यहां रेलवे लाइन किसी दो जगहों के बीच के मार्ग से संबंधित है, जबकि रेलवे ट्रैक में लोहे के ट्रैक्स, स्लीपर और पत्थर शामिल होते हैं। अब हम इन दोनों के बीच के अंतर को अच्छी तरह समझ लेते हैं।
क्या होती है Railway Line
सबसे पहले हम Railway Line को समझ लेते हैं। दरअसल, रेलवे लाइन का मतलब दो जगहों के बीच रेल कनेक्टिविटी से है। उदाहरण के तौर पर समझें, तो यदि दिल्ली से पंजाब के बीच हमें रेल कनेक्टिविटी की बात करनी है, तो हम इसे रेलवे लाइन कहते हैं।
इस लाइन पर एक या एक से अधिक रेलवे ट्रैक हो सकते हैं। इसके अलावा ओवर हेड एक्सटेंशन, रेलवे ट्रैफिक सिग्नल, पुल, सुरंग व छोटे-बड़े सभी स्टेशन रेलवे लाइन का हिस्सा होते हैं। इसमें एक पूरा शहर भौतिक संरचना के साथ दूसरे शहर से जुड़ा हुआ होता है।
क्या होता है Railway Track
अब हम रेलवे ट्रैक के बारे में जान लेते हैं। दरअसल, रेलवे ट्रैक में भौतिक रूप से वह संरचना शामिल होती है, जिसपर ट्रेन के पहिये दौड़ते हैं। इसमें मुख्य रूप से घटक शामिल होते हैंः
रेल्स: लोहे की दो पटरियां, जिस पर ट्रेन के पहिये दौड़ते हैं।
स्लीपर: ये कंक्रीट या लकड़ी के ब्लॉक होते हैं, जिन पर पटरियां टिकी रहती हैं।
गिट्टी: गिट्टी को ट्रैक के नीचे बिछाया जाता है, जो कि स्लीपरों को अपनी जगह पर रखते हैं।
फास्टनिंग्स: इनमें क्लिप और बोल्ट शामिल होते हैं, जो कि पटरी को स्लीपर से जोड़े रखते हैं।
रेलवे लाइन और रेलवे ट्रैक में अतंर
रेलवे लाइन और रेलवे ट्रैक में अंतर कुछ इस प्रकार हैः
| रेलवे लाइन | रेलवे ट्रैक |
| दो शहरों के बीच का रूट | वह संरचना, जिस पर ट्रेन चलती है |
| स्टेशन, सिग्नन, ट्रैक,ओएचई शामिल | सिर्फ ट्रैक शामिल |
| एक या एक से अधिक ट्रैक हो सकते हैं | सिर्फ एक ट्रैक |
रेलवे शब्दावली में रेलवे लाइन और रेलवे ट्रैक, दोनों ही शब्दों के अर्थ अलग-अलग होता है। लेकिन, लोग अक्सर इन दो शब्दों का अर्थ एक ही समझ लेते हैं।
पढ़ेंः भारत से होकर गुजरता है एशिया का सबसे लंबा हाईवे, 14 देशों की कम करता है दूरी