IPL 2026 Qualifier 2: फाइनल के टिकट के लिए भिड़ेंगे GT और RR, आंकड़ों में कौन किस पर भारी? देखें
IPL 2026 Qualifier 2: आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच फाइनल का टिकट पाने की जंग होगी। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में GT का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच 10 मैचों में गुजरात ने 7 और राजस्थान ने 3 मुकाबले जीते हैं। अब मुल्लांपुर में रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
IPL 2026 Qualifier 2: आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में 29 मई को गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच फाइनल का टिकट पाने की जंग होगी। मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। जीतने वाली टीम फाइनल में ख़िताब के लिए RCB से अहमदाबाद में भिड़ेंगे।
GT का पलड़ा भारी
यदि रिकॉर्ड पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में मजबूत दिखाई देती है। दोनों टीमों के बीच अब तक 10 मैच खेले गए हैं, जिनमें GT ने 7 मुकाबले जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स को सिर्फ 3 जीत मिली है। यानी हेड-टू-हेड में गुजरात का दबदबा साफ नजर आता है।
जयपुर से न्यूट्रल वेन्यू तक GT का दबदबा
दिलचस्प बात यह है कि राजस्थान अपने घरेलू मैदान जयपुर में भी गुजरात के खिलाफ ज्यादा सफल नहीं रही। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए 4 मैचों में GT ने 3 बार जीत दर्ज की। वहीं न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए दोनों मुकाबले भी गुजरात ने अपने नाम किए हैं। इससे टीम का आत्मविश्वास काफी मजबूत होगा।
दोनों टीमों का IPL इतिहास भी खास
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की एक खास समानता यह है कि दोनों ने अपने डेब्यू सीजन में ही IPL ट्रॉफी जीती थी। राजस्थान ने 2008 में पहला IPL खिताब जीता था, जबकि गुजरात ने 2022 में अपनी पहली ही एंट्री में चैंपियन बनने का रिकॉर्ड बनाया था।
GT vs RR हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
| कुल हेड-टू-हेड मुकाबले | 10 |
| गुजरात टाइटंस (GT) की जीत | 7 |
| राजस्थान रॉयल्स (RR) की जीत | 3 |
दोनों टीमें फाइनल के लिए लगायेंगी जोर
यह मुकाबला सिर्फ आंकड़ों का नहीं, बल्कि दबाव झेलने की क्षमता का भी होगा। गुजरात के पास बड़े मैच जीतने का आत्मविश्वास है, तो राजस्थान के पास उलटफेर करने की ताकत है। ऐसे में मुल्लांपुर में फैंस को रोमांच से भरपूर मुकाबला देखने को मिल सकता है।
31 मई को अहमदाबाद में होगा फाइनल
क्वालिफायर-2 जीतने वाली टीम 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL 2026 के फाइनल में उतरेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि GT अपना दबदबा कायम रखती है या RR इतिहास बदलने में कामयाब होती है। बता दें कि RCB पहले ही फाइनल में पहुँच गयी है।
Bagesh Yadav is an experienced content professional with over 5 years of experience in covering education, general news, national, and international affairs. He has contributed to leading platforms like Vision IAS and Only IAS. Bagesh specializes in crafting impactful content, including current news articles, trending stories, sports updates, world affairs, and engaging infographics. He delivers high-quality, informative, and inspiring content, focusing on audience engagement and achieving positive results. Currently working as a Senior Content Writer for the Current Affairs and General Knowledge sections of jagranjosh.com, he can be reached at bagesh.yadav@jagrannewmedia.com.