NCS (National Career Service) पोर्टल भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का पोर्टल है। यह एक डिजिटल पहल है, जिसे 20 जुलाई 2015 को शुरू किया गया था। इस पोर्टल पर नौकरी देने वाले और नौकरी खोजने वाले, दोनों ही आपस में जुड़ते हैं। नौकरी खोजने वालो को उनके कौशल के अनुसार विभिन्न कंपनियां शॉर्टलिस्ट करती हैं, जिसके बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नौकरी दी जाती है। इस लेख में हम इस पोर्टल पर पंजीकरण से लेकर अन्य जरूरी जानकारी जानेंगे।
निःशुल्क है पंजीकरण
NCS पोर्टल पर पूरी तरह से निःशुल्क है। इस पर आपको पंजीकरण के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना है। यहां निजी क्षेत्र, सार्वजनिक क्षेत्र और संविदा पर नौकरियों की जानकारी मिलती है।
करियर काउंसलिंग की मिलती है सुविधा
कई छात्र 10वीं और 12वीं के बाद करियर के चुनाव को लेकर भ्रमित हो जाते हैं। ऐसे में भारत सरकार के इस पोर्टल पर प्रोफेशनल करियर काउंसलर की सुविधा भी दी गई है, जिनसे बात कर कोई भी छात्र अपने करियर को सही दिशा दे सकता है। खास बात यह है कि इस पोर्टल पर 'डिजीसक्षम' जैसे कार्यक्रमों में माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों का सहयोग लेकर फ्री में कौशल सिखाया जाता है।
कैसे मिलेगी नौकरी, जानें प्रक्रिया
अपने कौशल के हिसाब से आपको नौकरी पाने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करना हैः
-सबसे पहलेncs.gov.in पर पहुंचें और 'Register' बटन पर क्लिक करें। अब आप अपने Aadhaar Card, e-Shram Card या अन्य सरकारी आईडी के जरिए साइन-अप करें।
-पंजीकरण के बाद आपको अपनी शिक्षा, अनुभव, कौशल और भाषा की जानकारी देनी है। अपनी पूरी प्रोफाइल भरें।
-अब पोर्टल पर 'Search Jobs' विकल्प पर क्लिक करने के बाद अपनी पसंद की लोकेशन, सेक्टर और अपेक्षित वेतन के आधार पर फिल्टर लगाकर नौकरियां ढूंढें।
-यदि कोई नौकरी आपके कौशल के मुताबिक है, तो पोर्टल के माध्यम से 'Apply' बटन दबाकर आवेदन कर सकते हैं।
पंजीकरण के बाद मिलेगा NCS आईडी कार्ड
आपको बता दें कि पंजीकरण पूरा होने पर आपको पोर्टल से एक NCS ID Card मिलेगा। यह कार्ड निजी और सरकारी जॉब फेयर्स में उपयोग किया जा सकता है। वहीं, सरकार द्वारा जब भी कोई जॉब फेयर लगेगा, तो आपको आपके नंबर या ईमेल के माध्यम से भी सूचना मिल जाएगी।