UP Panchayat Elections: यूपी पंचायत चुनाव की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, ऐसे मिनटों में चेक करें अपना नाम

Last Updated: Jun 11, 2026, 14:06 IST

UP Panchayat Elections: उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। मतदाता अब घर बैठे ऑनलाइन अपना नाम वोटर लिस्ट में चेक कर सकते हैं। पुनरीक्षण के बाद प्रदेश में कुल 12.58 करोड़ मतदाता दर्ज हुए हैं। 

पूर्वांचल के इन जिलों में सबसे ज्यादा ग्रामीण वोटर
पूर्वांचल के इन जिलों में सबसे ज्यादा ग्रामीण वोटर

UP Panchayat Chunav: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने आखिरकार पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। ऐसे में कह सकते है कि अब गांव की सरकार चुनने के लिए प्रदेश के 12.58 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। 

इस बार मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव देखने को मिले हैं। लाखों नए वोटर जुड़े हैं, जबकि करोड़ों नाम लिस्ट से हटाए भी गए हैं। अगर आप भी पंचायत चुनाव में मतदान करना चाहते हैं, तो एक बार वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर चेक कर लें।

2.32 करोड़ नए वोटर जुड़े 

मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रदेश में 2,32,24,805 नए मतदाताओं को जोड़ा गया। वहीं 2,03,23,287 नाम सूची से हटाए गए। इनमें मृतक मतदाता, दूसरे स्थान पर जा चुके लोग और डुप्लीकेट या फर्जी प्रविष्टियां शामिल हैं।

इन बदलावों के बाद प्रदेश में कुल 29 लाख से ज्यादा मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। अब उत्तर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 12,58,51,570 पहुंच गई है।

दावे-आपत्तियों के बाद बदल गया डेटा

बता दें कि दिसंबर 2025 में जारी अनंतिम मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या और बढ़ोतरी का आंकड़ा इससे अलग था। लेकिन दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद आयोग ने सूची में बड़े बदलाव किए। कई नए नाम जोड़े गए और बड़ी संख्या में अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए, जिसके बाद अंतिम आंकड़े सामने आए है। 

हर मतदाता को मिलेगा 9 अंकों का यूनिक नंबर

इस बार आयोग ने मतदाताओं को 9 अंकों का विशेष स्टेट वोटर नंबर भी जारी किया है। यह नंबर हर मतदाता की अलग पहचान होगा। इस यूनिक नंबर के जरिए मतदाता की जानकारी, उसका निर्वाचन क्षेत्र और मतदान से जुड़ी अन्य जानकारियां रिकॉर्ड में रहेंगी। खास बात यह है कि एक बार जारी होने के बाद यह नंबर किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं दिया जाएगा। 

फिलहाल चुनाव टले, लेकिन तैयारियां तेज

यूपी में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो चुका है। चुनाव समय पर नहीं हो पाने के कारण सरकार ने मौजूदा प्रधानों को अगले छह महीने के लिए प्रशासक की जिम्मेदारी सौंप दी है। हालांकि अब अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की दिशा में गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि आरक्षण और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होते ही चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया जा सकता है।

हाईकोर्ट की नजर भी चुनावी प्रक्रिया पर

चुनाव में देरी को लेकर हाईकोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल की गई थीं। कोर्ट ने भी निर्वाचन आयोग से चुनाव कार्यक्रम को लेकर जवाब मांगा था। ऐसे में अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद चुनावी प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना बढ़ गई है।

पूर्वांचल के इन जिलों में सबसे ज्यादा ग्रामीण वोटर

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जौनपुर, आजमगढ़ और प्रयागराज उन जिलों में शामिल हैं जहां ग्रामीण मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। पंचायत चुनाव में इन जिलों का प्रभाव काफी अहम माना जा रहा है।

वोटर लिस्ट में अपना नाम ऐसे चेक करें

यदि आप यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि आपका नाम पंचायत मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं, तो ये आसान स्टेप्स फॉलो करें:

1. आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं

राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट खोलें।

2. नाम या EPIC नंबर से खोजें

'Search by Name' या 'Search by EPIC Number' का विकल्प चुनें।

3. जरूरी डिटेल्स भरें

अपना नाम, पिता/पति का नाम, आयु, जिला, ग्राम पंचायत और लिंग दर्ज करें।

4. Search पर क्लिक करें

डिटेल्स भरने के बाद Search बटन दबाएं।

5. अपनी डिटेल्स देखें

यदि आपका नाम सूची में होगा, तो आपकी पूरी जानकारी, मतदान केंद्र, पार्ट नंबर और क्रम संख्या स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।

पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान भले अभी बाकी हो, लेकिन वोटर लिस्ट जारी होने के बाद चुनावी माहौल बनने लगा है। ऐसे में मतदान से पहले अपना नाम सूची में जरूर देख लें।

Bagesh Yadav
Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.

... Read More
First Published: Jun 11, 2026, 14:06 IST

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Latest Education News