Weekly Current Affairs Quiz 13 April to 19 April 2026: जागरण जोश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों एवं पाठकों के लिए साप्ताहिक करेंट अफेयर्स क्विज़ प्रस्तुत कर रहा है. इसमें मुख्य रूप से सियाचिन दिवस, FIDE महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 आदि से संबंधित प्रश्न शामिल हैं।
1. हाल ही में साइप्रस में FIDE महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 किस भारतीय ग्रैंडमास्टर ने जीता है?
A) कोनेरू हम्पी
B) हरिका द्रोणावल्ली
C) आर. वैशाली
D) तानिया सचदेव
उत्तर: C) आर. वैशाली
शतरंज में, भारत की ग्रैंडमास्टर आर. वैशाली (R. Vaishali) ने हाल ही में साइप्रस में FIDE महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 जीत लिया। 24 वर्षीय वैशाली ने फाइनल राउंड में रूस की कटेरीना लाग्नो को हराया और खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ, वैशाली ने इस साल के अंत में विश्व चैंपियनशिप के लिए चीन की जू वेंगुन को चुनौती देने के लिए तैयार है।
2. एलआईसी के नए ग्राहक ऐप का नाम क्या है जिसका हाल ही में शुभारंभ किया गया?
A) LIC ग्राहक सेवा
B) LIC कनेक्ट
C) MyLIC
D) LIC साथी
उत्तर: C) MyLIC
वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के सचिव श्री एम. नागराजू (IAS) ने आज मुंबई में LIC के नए ग्राहक ऐप ‘MyLIC’ और बिक्री मध्यस्थों के लिए मोबाइल ऐप ‘LIC सुपर सेल्स साथी’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर LIC के सीईओ एवं एमडी श्री आर. दोराइस्वामी, प्रबंध निदेशक श्री दिनेश पंत, श्री रत्नाकर पटनायक, श्री आर. चंदर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
3. भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'DUSTLIK' का वर्तमान में कौन सा संस्करण आयोजित किया जा रहा है?
A) 5वां
B) 6वां
C) 7वां
D) 8वां
उत्तर: C) 7वां
भारत-उज़्बेकिस्तान का 7वां संयुक्त सैन्य अभ्यास 'DUSTLIK' वर्तमान में उज़्बेकिस्तान में चल रहा है। यह 14 दिवसीय अभ्यास, जो 12 से 25 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है, नमनगन के गुरुमसरॉय फील्ड ट्रेनिंग एरिया में हो रहा है। यह एक वार्षिक आयोजन है जो बारी-बारी से भारत और उज़्बेकिस्तान में आयोजित किया जाता है, जिसका पिछला संस्करण अप्रैल 2025 में पुणे के औंध में आयोजित किया गया था।
4.हाल ही में आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 में कौन सा पदक जीता?
A) स्वर्ण पदक
B) रजत पदक
C) कांस्य पदक
D) इनमें से कोई नहीं
उत्तर: B) रजत पदक
भारत के उभरते बैडमिंटन सितारे आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। आयुष, निंगबो में चीन के शी यू क्यूई से पुरुष एकल फाइनल मैच हार गए थे. विश्व नंबर 2 शी यू क्यूई ने 42 मिनट में आयुष शेट्टी को 21-8, 21-10 से हराकर गोल्ड मेडल जीता.
5. 'सांसद खेल महाकुंभ' का आयोजन यूपी के किस शहर में किया जा रहा है?
A) मेरठ
B) कानपुर
C) वाराणसी
D) लखनऊ
उत्तर: D) लखनऊ
लखनऊ में 13 अप्रैल 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र में 'सांसद खेल महाकुंभ' (Sansad Khel MahaKumbh) कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। यह तीन दिवसीय सांसद खेल महाकुंभ का आयोजन लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया जा रहा है। इस महाकुंभ में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, हॉकी और बॉक्सिंग जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं और इसका आयोजन दो फेज में किया जा रहा है।
6. भारत सरकार ने आशा भोसले को किस वर्ष पद्म विभूषण से सम्मानित किया था?
A) 2006
B) 2007
C) 2008
D) 2009
उत्तर: C) 2008
प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle) का 92 वर्ष की आयु में 12 अप्रैल 2026 को निधन हो गया। आशा भोसले ने बॉलीवुड के साथ-साथ ग़ज़ल, भजन, पॉप और शास्त्रीय संगीत में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। गायन में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने साल 2008 में उन्हें पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) से सम्मानित किया था।
7.सियाचिन दिवस (Siachen Day) कब मनाया जाता है?
A) 13 अप्रैल
B) 14 अप्रैल
C) 15 अप्रैल
D) 16 अप्रैल
उत्तर: A) 13 अप्रैल
ऑपरेशन मेघदूत (Operation Meghdoot) के 42 साल पूरे होने पर, भारतीय वायु सेना ने लद्दाख में दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र, सियाचिन की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि 13 अप्रैल को सियाचिन दिवस के रूप में मनाया जाता है, क्योंकि 1984 में इसी दिन ऑपरेशन मेघदूत शुरू किया गया था, जब भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना ने उत्तरी लद्दाख क्षेत्र पर हावी ऊंचाइयों को सुरक्षित करने के लिए सियाचिन ग्लेशियर की ओर कूच किया था।
8. केंद्र सरकार ने किस राज्य में टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग द्वारा इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर के लिए एक विशेष आर्थिक क्षेत्र स्थापित करने की अधिसूचना जारी की है।
A) गुजरात
B) राजस्थान
C) असम
D) हिमाचल प्रदेश
उत्तर: A) गुजरात
केंद्र सरकार ने गुजरात के धोलेरा में टाटा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग द्वारा इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर (आईटी/आईटीईएस सहित) के लिए एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) स्थापित करने की अधिसूचना जारी की है। कंपनी ने भारत की पहली चिप निर्माण यूनिट स्थापित करने के लिए 91,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। यह SEZ 66.16 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा और इससे करीब 21,000 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
9. GAIL और TUSCO लिमिटेड के समझौते के तहत उत्तर प्रदेश के किस जिले में सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा?
A) लखनऊ
B) वाराणसी
C) झांसी
D) कानपुर
उत्तर: C) झांसी
GAIL (इंडिया) लिमिटेड ने अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए TUSCO लिमिटेड के साथ समझौता किया है। इस समझौते के तहत उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित TUSCO सोलर पार्क में 600 मेगावाट का सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही परियोजना में 550 MWh की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) भी शामिल होगी, जिससे ऊर्जा आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी और सौर ऊर्जा का अधिक कुशल उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
10. दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग के जरिए होने वाले शेयर बाजार धोखाधड़ी और निवेश से जुड़े घोटालों पर रोक लगाने के लिए हाल ही में किन दो संस्थाओं ने समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं?
A) भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI)
B) भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI)
C) दूरसंचार विभाग (DoT) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI)
D) दूरसंचार विभाग (DoT) और भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI)
उत्तर: C) दूरसंचार विभाग (DoT) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI)
भारत की वित्तीय प्रणाली की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से दूरसंचार विभाग (DoT) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने आज एक महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों संस्थाओं ने दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग के जरिए होने वाले शेयर बाजार धोखाधड़ी और निवेश से जुड़े घोटालों पर रोक लगाने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।