बिहार का इकलौता जिला, जो राज्य के 9 जिलों से साझा करता है सीमा
बिहार में कुल 38 जिले हैं, जो कि 9 मंडलों में आते हैं। ये जिले अपनी अलग-अलग विशेषताओं की वजह से अनूठी पहचान रखते हैं। इनमें एक जिला ऐसा भी है, जो कि राज्य के 9 जिलों के साथ अपनी सीमा साझा करता है।
बिहार को भगवान बुद्ध की धरती कहा जाता है, जहां ज्ञान, धर्म और संस्कृति का मिलन होता है। इस कड़ी में यहां इकलौता जिला ऐसा भी है, जो कि बिहार के अन्य 9 जिलों के साथ अपनी सीमा साझा करता है। इसके अलावा इसका सांस्कृतिक, धार्मिक, आर्थिक और सामाजिक महत्त्व भी है। आपने भी इस जिले के बारे में जरूर सुना या पढ़ा होगा। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।
बिहार में कुल कितने जिले हैं
बिहार में कुल जिलों की बात करें, तो इनकी संख्या 38 हैं। ये सभी जिले कुल 9 मंडलों में आते हैं। राज्य में कुल 534 ब्लॉक्स हैं। वहीं, सबसे बड़ा जिला पश्चिमी चंपारण है, जो कि 5228 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जबकि सबसे छोटा जिला शिवहर है, जो कि 443 वर्ग किलोमीटर में है।
बिहार में 9 जिलों से सीमा साझा करता है यह जिला
अब हम बिहार में सबसे अधिक सीमा साझा करने वाले जिले के बारे में जान लेते हैं। आपक बता दें कि यह पटना जिला है, जो कि राज्य के अन्य 9 जिलों के साथ अपनी सीमा साझा करता है, जो कि इस प्रकार हैंः
भोजपुर
सारण
वैशाली
समस्तीपुर
बेगूसराय
लखीसराय
नालंदा
जहानाबाद
अरवल
सबसे पुराने शहरों में से एक है पटना
पटना जिला गंगा नदी के दक्षिणी तट पर बसा हुआ है और यह दुनिया के सबसे पुराने जीवंत शहरों में से एक माना जाता है। यह एरिया कुल 3202 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और गंगा, सोन, गंडक व पुनपुन जैसी नदियों से घिरा हुआ है।
पटना है बिहार का सबसे अधिक आबादी वाला जिला
आपको बता दें कि साल 2011 के आंकड़ों के मुताबिक, पटना जिला बिहार का सबसे अधिक आबादी वाला जिला है। यहां की जनसंख्या 58,38,564 दर्ज की गई थी।
कितनी है पटना की साक्षरता दर
पटना जिले की कुल साक्षरता दर 70.68% है। इसमें पुरुषों की 78.48% और महिलाओं की 61.96% साक्षरता दर दर्ज की गई थी। पटना की मुख्य स्थानीय बोली मगही है। हालांकि, यहां हिंदी, उर्दू, भोजपुरी और मैथिली भी बोली जाती है। यही वजह है कि यह जिला विविध भाषाओं वाले जिले के रूप में भी पहचान रखता है।
पटना का पुराना नाम
कई बार कुछ परीक्षाओं में पटना के पुराने नाम के बारे में पूछ लिया जाता है। आपको बता दें कि पटना का पुराना नाम पाटलीपुत्र हुआ करता था।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.