उत्तर प्रदेश भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यह पूरे देश का करीब 7.33 फीसदी हिस्सा है। प्रदेश में अलग-अलग शहर हैं, जो कि अपनी अलग-अलग विशेषताओं की वजह से जाने जाते हैं। आपने प्रदेश के अलग-अलग शहरों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि हाल ही में प्रदेश में एक नए मेडिकल शहर की घोषणा की गई है। कौन-सा है यह शहर, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
उत्तर प्रदेश का परिचय
उत्तर प्रदेश राज्य का पुनर्गठन 26 जनवरी, 1950 को किया गया था। इससे पहले इसे संयुक्त प्रांत नाम से जाना जाता था। यह नाम इसे अंग्रेजों द्वारा दिया गया था, जिसे अवध और आगरा सूबे को उत्तर-पश्चिम प्रांत में मिलाकर बनाया गया था। इतिहास में थोड़ा और पीछे देखें, तो यहां जौनपुर हुआ करता था, जिसे 14वीं शताब्दी में बसाया गया था। इससे पहले यहां कौसल और पांचाल साम्राज्य हुआ करता था।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले और मंडल
उत्तर प्रदेश में कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। ये सभी मंडल कुल चार संभागों का हिस्सा हैं, जिनमें पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और बुंदेलखंड शामिल हैं। प्रदेश में कुल 351 तहसील, 17 नगर निगम, 28 विकास प्राधिकरण और 5 विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश में मेडिकल सिटी कौन-सी है
साल 2025 के जुलाई में प्रदेश के मोदीनगर शहर में डीजे मेडिसिटी शहर की आधारशिला रखी गई थी। यह एक एकीकृत मेडिकल सिटी होगी, जहां एक ही जगह पर लोगों को विशेष चिकित्सा जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
कितने एकड़ में बन रही है मेडिकल सिटी
यहां पहले से ही डेंटल और जनरल ओपीडी सुविधाएं मौजूद हैं। हालांकि, अब यहां अन्य मेडिकल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिसके तहत यहां कुल 100 एकड़ में मेडिकल शहर बसाया जा रहा है।
क्या मिलेंगी सुविधाएं
उत्तर प्रदेश की नई मेडिकल सिटी में हृद्य, किडनी व कैंसर से जुड़ी बीमारियों का इलाज किया जा सकेगा। इसके लिए यहां सुपर स्पेश्येलिटी अस्पतालों का निर्माण किया जा रहा है। मरीजों को एयरलिफ्ट की सुविधा देने के लिए यहां एक हैलीपेड भी बनाया जा रहा है, जिससे एयर एंबुलेंस भी यहां पहुंच सके।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को मिलेगा फायदा
यह सिटी जिस जगह पर बनाई जा रही है, वह दिल्ली-मेरठ रेल सुविधा के पास है। ऐसे में यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। आने वाले समय में यहां एआई आधारित रोबोटिक सर्जरी की भी सुविधा मिल सकेगी।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंःचंडीगढ़ क्यों है पंजाब और हरियाणा की राजधानी, जानें वजह
Comments
All Comments (0)
Join the conversation