Commercial LPG Price Hike: 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर पर असर पड़ सकता है। हालांकि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार पेट्रोल-डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम स्थिर रखे गए हैं। यह बढ़ोतरी वैश्विक हालात और तेल कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर मानी जा रही है। चलिए खबर पर विस्तार से नजर डालते है।
19 किलो सिलेंडर के दाम में बड़ी बढ़ोतरी
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, अब दिल्ली में यह सिलेंडर 3,071.50 रुपये का हो गया है।
क्या घरेलू सिलेंडर की कीमतों में हुआ बदलाव
इस बढ़ोतरी के बावजूद 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे देश के लगभग 33 करोड़ उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
वैश्विक हालात का असर
यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों पर देखने को मिल रहा है।
पेट्रोल-डीजल और ATF पर स्थिरता
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (Indian Oil Corporation) के अनुसार पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उड़ानों के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत भी स्थिर रखी गई है, ताकि आम उपभोक्ताओं और यात्रियों पर बोझ न पड़े।
डीजल पर टैक्स कटौती
वहीं बता दें कि सरकार ने डीजल और ATF के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में कटौती की है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, डीजल पर टैक्स घटाकर 23 रुपये प्रति लीटर और ATF पर 33 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। यह कदम वैश्विक कीमतों के बीच संतुलन बनाए रखने और आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।