भारत चौथी बार बना BRICS Summit का अध्यक्ष, विदेश मंत्रालय ने जारी की थीम, देखें यहां
भारत के नई दिल्ली में सितंबर में ब्रिक्स समिट होने जा रही है। इसे लेकर विदेश मंत्रालय द्वारा थीम भी जारी कर दी गई है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स समिट का आयोजन होगा।
भारत 18वीं ब्रिक्स समिट की मेजबानी करने जा रहा है। वैश्विक स्तर पर महत्त्वपूर्ण यह समिट भारत के लिए बहुत ही अहम मानी जा रही है। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेनल का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आगामी 12-13 सितंबर को किया जाएगा।
इसमें ब्रिक्स के सदस्य देश और साझेदार देशों के नेताओं के साथ-साथ आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेता भी शामिल होने जा रहे हैं। समिट के आयोजन को लेकर विदेश मंत्रालय ने भी ऐलान कर दिया है। साथ ही, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की थीम भी जारी कर दी गई है।
क्या है BRICS Summit 2026 Theme
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस साल भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। इस बार की थीम Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability यानि लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण है। मंत्रालय के मुताबिक, यह थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिसमें मानवता सर्वोपरि की भावना पर आधारित लोगों पर केंद्रित दृष्टिकोण पर जोर दिया गया है।
मंत्रालय ने कहा है कि ब्रिक्स के नेता साझा प्राथमिकताओं पर ब्रिक्स के अंदर सहयोग को मजबूत करने और पारस्परिक महत्त्व के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपने दृष्टिकोण साझा करने के लिए विचार-विमर्श करेंगे।
25 से अधिक शहरों में 350 से अधिक बैठकें
भारत में ब्रिक्स सम्मेलन से भारत की अध्यक्षता को मजबूत करने के लिए देशभर के 25 से अधिक शहरों में 350 से अधिक बैठकों का आयोजन किया गया है। इन बैठकों द्वारा भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता को व्यावहारिक रूप से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
पहले भारत कब-कब कर चुका है अध्यक्षता
भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य रहा है। ऐसे में हमारा देश पहले 2012, 2016 और 2021 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर चुका है। यह चौथी बार है, जब भारत एक बार फिर से ब्रिक्स का अध्यक्ष बनने जा रहा है। भारत ने बीती 1 जनवरी, 2026 को ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली थी। आपको बता दें कि यह भारत के लिए महत्त्वपूर्ण इसलिए भी माना जी रही है, क्योंकि, इस साल ब्रिक्स की स्थापना के 20 साल पूरे हो रहे हैं।
समिट में ये रहेंगे दिग्गज
ब्रिक्स समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग व ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान शामिल हो सकते हैं। इनके अलावा यूएई के प्रेजिडेंट शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बदले अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, समिट में शामिल देशों में भारत, इथियोपिया, मिस्र, चीन, ब्राजील, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब, यूएई और दक्षिण अफ्रीका शामिल है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.