Atal Vayo Abhyuday Yojana: सरकार की बड़ी पहल, कैसे करें ऑनलाइन आवेदन, यहां देखें हर एक डिटेल्स
अटल वयो अभ्युदय योजना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा लांच की गयी है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
भारत में वरिष्ठ नागरिकों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। अनुमान है कि 2026 तक देश में 17 करोड़ से अधिक लोग 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के होंगे। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और बढ़ती जीवन शैली के कारण लोग पहले से अधिक समय तक जीवित रह रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बुजुर्ग केवल लंबा जीवन ही न जिएं, बल्कि आत्मनिर्भरता के साथ जीवन बिताएं।
इसी पर ध्यान केंद्रित करते हुए, केंद्र सरकार ने अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) शुरू की है, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
क्या है अटल वयो अभ्युदय योजना?
Atal Vayo Abhyuday Yojana: अटल वयो अभ्युदय योजना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एक योजना है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को आवास, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, देखभाल और मनोरंजन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
योजना के क्रियान्वयन में राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों, पंचायतों, स्थानीय निकायों और गैर-सरकारी संगठनों (NGOS) की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
किन क्षेत्रों पर है सबसे ज्यादा फोकस?
सरकार ने इस योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया है। इनमें आर्थिक सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण, आवास, जीवन और संपत्ति की सुरक्षा जैसे विषय शामिल है।
इसके अलावा, कौशल विकास, वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल परिवहन और सिल्वर इकोनॉमी को बढ़ावा, शोध तथा प्रभावी परियोजना प्रबंधन जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल हैं।
किन कार्यक्रमों/पहलों को मिलेगा लाभ?
योजना के तहत उन संस्थाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी जो वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए काम कर रही हैं। इसमें निराश्रित बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम, भोजन और चिकित्सा सुविधाएं, घर और संस्थान दोनों स्तर पर देखभाल, युवाओं और बुजुर्गों के बीच संवाद बढ़ाने वाले कार्यक्रम, सक्रिय वृद्धावस्था को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां, शोध, प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान शामिल हैं।
योजना के पांच प्रमुख स्तंभ कौन से है?
अटल वयो अभ्युदय योजना को पांच प्रमुख घटकों में लागू किया गया है, जो इस प्रकार है-
इंटीग्रेटेड प्रोग्राम फॉर सीनियर सिटीजंस (IPSRC): जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना।
स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजंस (SAPSRC): राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करना।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY): उम्र से जुड़ी दिव्यांगता या शारीरिक कमजोरी से जूझ रहे पात्र वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी दैनिक जिंदगी आसान बनाना।
सीनियर सिटिजन ऑपर्च्युनिटीज फॉर प्रोडक्टिव एंगेजमेंट (SCOPE): अनुभवी वरिष्ठ नागरिकों को रोजगार और अन्य उत्पादक गतिविधियों से जोड़कर उनकी विशेषज्ञता का लाभ समाज और उद्योगों तक पहुंचाना।
सीनियरकेयर एजिंग ग्रोथ इंजन (SAGE): बुजुर्गों के लिए आधुनिक उत्पादों, सेवाओं और स्टार्टअप आधारित समाधानों को बढ़ावा देकर ‘सिल्वर इकोनॉमी’ को मजबूत करना।
कैसे करें ऑनलाइन आवेदन
योजना के अंतर्गत पात्र गैर-सरकारी संगठन (NGOS) और अन्य कार्यान्वयन एजेंसियां इंटीग्रेटेड प्रोग्राम फॉर सीनियर सिटीजंस (IPSRC) के लिए सरकार के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
बढ़ती बुजुर्ग आबादी को देखते हुए अटल वयो अभ्युदय योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ऐसा सामाजिक सुरक्षा अभियान है, जिसका उद्देश्य हर वरिष्ठ नागरिक को सम्मान, देखभाल और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जीने का अवसर देना है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.