भारत का इकलौता गांव, जहां संस्कृत में बात करते हैं लोग
भारत में आपने अलग-अलग गांवों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हर गांव की अपनी विशेषता है। इस कड़ी में क्या आप जानते हैं कि भारत का वह गांव कौन-सा है, जहां आज भी लोग आम बोलचाल में संस्कृत भाषा का उपयोग करते हैं। इस लेख में हम इस बारे में जानेंगे।
भारत को गांवों का देश कहा जाता है। देश की एक बड़ी आबादी गांवों में ही रहती है। यही वजह है कि आज भी गांवों की परंपराएं और यहां की रीति-रिवाजों को भारत की मूल जड़ें कहा जाता है। यहां हर गांव की अपनी-अपनी विशेषता है। इस कड़ी में यहां एक ऐसा गांव भी है, जहां भारत की प्राचीन भाषाओं में शामिल संस्कृत आज भी बोली जाती है। कौन-सा है यह गांव, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
किस गांव में संस्कृत में बात करते हैं लोग
कर्नाटक के शिमोगा जिले में तुंगा नदी के किनारे बसा 'मत्तूर' भारत का इकलौता ऐसा गांव है, जहां की आम बोलचाल की भाषा संस्कृत है। एक ऐसे समय में जब संस्कृत मुख्य रूप से केवल मंदिरों के मंत्रों, पूजा-पाठ और प्राचीन धार्मिक ग्रंथों तक ही सीमित रह गई है, मत्तूर गांव ने इस देवभाषा को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का प्रमुख हिस्सा बनाकर पूरी दुनिया के सामने एक अनूठा उदाहरण पेश किया है।
रोजमर्रा की भाषा के रूप में संस्कृत
मत्तूर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां संस्कृत केवल विद्वानों या पुजारियों की भाषा नहीं है, बल्कि यह समाज के हर वर्ग की भाषा है। गांव की गलियों में क्रिकेट खेलते हुए बच्चे, खेत में काम करने वाले किसान और यहां तक कि स्थानीय दुकानदार भी आपस में बेहद सहजता से संस्कृत में बातचीत करते हैं।
ऐसे होता है गांव में स्वागत
जब आप इस गांव में प्रवेश करते हैं, तो आपका स्वागत सामान्य 'नमस्ते' के बजाय ‘हरि ओम्’ या ‘कथम अस्ति?’ (आप कैसे हैं?) जैसे वाक्यों से होता है। यह गांव मुख्य रूप से 'संकेती' समुदाय का घर है। हालांकि, इस समुदाय की अपनी एक क्षेत्रीय बोली भी है, लेकिन गांव के जीवन और आपसी बातचीत में संस्कृत बोली जाती है।
कैसे हुई ऐतिहासिक शुरुआत
मत्तूर हमेशा से एक पूरा संस्कृत भाषी गांव नहीं था। इस बदलाव की शुरुआत साल 1981 में हुई थी, जब 'संस्कृत भारती' नामक संस्था ने गांव में 10 दिनों का एक संस्कृत शिविर लगाया था। इस शिविर में उडुपी के पेजावर मठ के तत्कालीन प्रमुख संत ने भी हिस्सा लिया था। उन्होंने गांव वालों की संस्कृत के प्रति गहरी रुचि को देखकर उनसे इस भाषा को अपने रोजमर्रा जीवन में अपनाने के लिए कहा। गांव वालों ने उनके इस आह्वान को एक संकल्प के रूप में लिया और धीरे-धीरे पूरे गांव ने न सिर्फ संस्कृत सीखी, बल्कि उसे जीवन का हिस्सा बना लिया।
गमक के लिए है प्रसिद्ध
-गांव के अधिकांश परिवार मुख्य रूप से सुपारी की खेती पर निर्भर हैं। इसके अलावा, यह गांव 'गमक' नामक एक अनूठी गायन और कथा-वाचन कला के लिए भी पूरे राज्य में प्रसिद्ध है।
-गांव के बीच में एक पुरानी पाठशाला है, जहां आज भी बच्चों को पारंपरिक तरीके से वेदों, उपनिषदों और संस्कृत साहित्य की शिक्षा दी जाती है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.