देव दीपावली पर 11 लाख दीयों से जगमगाएगा यह शहर, घाटों पर होगा लेजर और ड्रोन शो, CM योगी का खास निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक कर गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। देव दीपावली से पहले वाराणसी में 4 दिवसीय गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। 24 नवंबर को सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
वाराणसी की देव दीपावली देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अपनी भव्यता और खूबसूरती के लिए मशहूर है। इस बार भी देव दीपावली को यादगार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। 24 नवंबर को होने वाले आयोजन में गंगा के घाटों से लेकर शहर के 100 से अधिक कुंडों तक 11 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। इसके साथ ही लेजर शो, ड्रोन शो, महाआरती और ग्रीन आतिशबाजी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक कर गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व सुविधाओं से कोई समझौता न हो।
20 से 23 नवंबर तक सजेगा गंगा महोत्सव
देव दीपावली से पहले वाराणसी में 4 दिवसीय गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। यह 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर चलेगा। इस दौरान हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता मिले, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
100 से अधिक कुंडों पर भी जलेंगे दीप
देव दीपावली पर इस बार भी काशी के घाट दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। गंगा के सभी प्रमुख घाटों, नदी के रेतीले किनारों और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। खास बात यह है कि आयोजन में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए दीयों को भी शामिल किया जाएगा।
व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए घाटों और गंगा के किनारे के इलाकों को अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर की जिम्मेदारी नोडल अधिकारियों को सौंपी गई है। योगी ने निर्देश दिया कि उत्सव का माहौल केवल घाटों तक सीमित न रहे। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सारनाथ, मार्कंडेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों में भी विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाए।
महाआरती के साथ होगा लेजर और ड्रोन शो
24 नवंबर को सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद दशाश्वमेध घाट पर भव्य महाआरती होगी। चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया जाएगा, जबकि दशाश्वमेध और अस्सी घाट के आसपास ड्रोन शो देखने को मिलेगा। काशी विश्वनाथ धाम घाट के पास ग्रीन आतिशबाजी की भी योजना है।
25 नवंबर तक चलेगा सफाई अभियान
मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे वाराणसी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। दीप प्रज्वलन कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद घाटों की सफाई कराई जाएगी, ताकि अगली सुबह गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए समय से व्यवस्था करने को कहा है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.